उपेक्षा की भेंट चढ़ा पंचकोसी मार्ग का संगम तालाब, गंदगी से पटा जलाशय, सुंदरीकरण पर लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

वाराणसी। सरकार और प्रशासन एक ओर जल संरक्षण और परंपरागत जलस्रोतों को बचाने के लिए अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजातालाब क्षेत्र के पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थित संगम तालाब बदहाली का शिकार है। कचनार गांव में स्थित इस तालाब की देखरेख नहीं होने से इसका अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है। तालाब में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है और पानी की स्थिति भी बेहद खराब हो गई है।
स्थानीय स्तर पर तालाब के सुंदरीकरण के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं दिख रहा है। तालाब में प्लास्टिक, पॉलिथीन, पानी के पाउच और डिस्पोजल कचरे का ढेर लगा हुआ है। पानी सूखने के कारण कई स्थानों पर खरपतवार उग आए हैं। वहीं, जलकुंभी और काई के कारण तालाब की स्थिति और बदतर हो गई है। आसपास के लोग घरों से निकलने वाला कचरा भी तालाब में फेंक रहे हैं।
जल संचयन पर भी संकट
तालाबों की बदहाली का असर जल संचयन पर भी पड़ रहा है। गंदगी और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के बीच बारिश के पानी का संरक्षण प्रभावित होने की आशंका है। तालाब का पानी इतना दूषित हो चुका है कि स्थानीय लोग निस्तारी के लिए भी इसका इस्तेमाल करने से कतरा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से सफाई और नियमित देखरेख की ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है।
हाल ही में रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव गांव में तालाब किनारे कटान और मकान की दीवार ढहने से दो मासूम बहनों की मौत की दर्दनाक घटना सामने आई है। ऐसे में तालाबों की स्थिति, उनके किनारों की सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर गंभीरता जरूरी है। समय रहते संगम तालाब की सफाई, जलकुंभी हटाने और किनारों की सुरक्षा के लिए कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।