उपराष्ट्रपति और सीएम ने बाबा विश्वनाथ और कालभैरव दरबार में लगाई हाजिरी, दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद, अलर्ट रहा प्रशासन

वाराणसी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी विश्वनाथ और कालभैरव में हाजिरी लगाई। इस दौरान विधिविधान से दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया और देश व प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पूरे परिक्षेत्र में प्रशासन हाईअलर्ट रहा। रूट डायवर्जन के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
उपराष्ट्रपति शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। हवाईअड्डे पर स्वागत के बाद उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री काशी के धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर शहर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
वाराणसी पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में दर्शन के दौरान धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की गई।
इसके बाद उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर लोककल्याण और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। मंदिर मार्ग पर भी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।