शहडोल : मंगलवार को पहुंचेगी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की विजेता ट्रॉफी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शहडोल, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता मध्य प्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के प्रचार-प्रसार एवं हॉकी खेल के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी 10 संभागों में विजेता टीम को प्रदान की जाने वाली ट्रॉफी का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रातः 10 बजे ट्रॉफी शहडोल संभाग मुख्यालय पहुंचेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी अभिषेक दीवान ने शुक्रवार को बताया कि शहडोल में ट्रॉफी टूर का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों से ट्रॉफी का भ्रमण कराया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत जयस्तंभ चौक से होगी। इसके बाद ट्रॉफी गांधी चौक, पुराना गांधी चौक होते हुए कोतवाली के पास से शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महात्मा गांधी स्टेडियम पहुंचेगी, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि ट्रॉफी टूर के दौरान हॉकी खेल एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है। समाज के सभी वर्गों के महिला-पुरुष, सभी आयु वर्ग के नागरिकों, दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा नाथू, भोपाल में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया के शीर्ष छह देशों की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। वहीं, भोपाल में आयोजित होने वाले मैचों को स्टेडियम में देखने के लिए दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला