भागलपुर में बेखौफ चोरों का तांडव: शैलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में लाखों की चोरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब आम घरों के साथ-साथ भगवान के मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के गौशाला चौक स्थित प्रसिद्ध शैलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।
करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर में रहकर 3 से 4 चोरों ने बेहद इत्मीनान से लाखों रुपये के आभूषण और पूजा सामग्री पर हाथ साफ कर लिया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार बीते रात में श्रद्धालुओं के जाने और मंदिर बंद होने के बाद अज्ञात चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर बिना किसी डर के करीब एक घंटे तक मंदिर के अंदर मौजूद रहे और बड़े ही इत्मीनान से एक-एक सामान समेटते रहे। शुक्रवार सुबह जब पुजारी और स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो मंदिर का मुख्य ताला टूटा देख सन्न रह गए।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों और पुजारी के अनुसार, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। चोर अपने साथ शिवलिंग के समीप रखे कीमती आभूषण और नागछत्र, बजरंग बली का मुकुट, मंदिर में टंगा करीब 20 किलो वजनी पीतल का घंटा और पीतल की थालियां, त्रिशूल और अन्य पूजा के बर्तन अपने साथ ले गए हैं। सुबह घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
धार्मिक स्थल में हुई इस बड़ी चोरी को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर