Live VNS

भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में चोरी

भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में चोरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

किशनगंज, 22 नवंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र स्थित भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर निरीक्षण भवन से कार्यपालक अभियंता का लैपटॉप, तीन पेन ड्राइव, सरकारी दस्तावेज और आठ हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा गैस सिलेंडर और रसोई का सामान भी चोरी कर लिया गया।

लैपटॉप और पेन ड्राइव में विभागीय कामकाज से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं होने के कारण उनके दुरुपयोग की आशंका जताई गई है। मामले में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल किशनगंज के कार्यपालक अभियंता ई. पंकज कुमार सिंह ने सदर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर चोरी की घटना में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।

आवेदन के अनुसार, निरीक्षण भवन के केयरटेकर कन्हैया कुमार ने विभाग को चोरी की जानकारी दी थी। सूचना मिलने के बाद कार्यपालक अभियंता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और चोरी गए सामान की जानकारी जुटाई। कार्यपालक अभियंता ने आवेदन में बताया है कि चोरी हुए लैपटॉप में पारिवारिक फोटो और वीडियो के साथ विभागीय कामकाज से संबंधित डेटा, पत्राचार, कार्यालय के रिकॉर्ड और कई महत्वपूर्ण सूचनाएं सुरक्षित थीं। इसके अलावा तीन पेन ड्राइव भी चोर अपने साथ ले गए हैं। इनमें मौजूद सरकारी डेटा के गलत इस्तेमाल की आशंका से विभाग की चिंता बढ़ गई है।

चोरों ने लैपटॉप और दस्तावेजों के अलावा आठ हजार रुपये नकद, गैस सिलेंडर तथा रसोई का अन्य सामान भी गायब कर दिया। विभाग की ओर से पुलिस से घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों की पहचान करने की मांग की गई है। इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में चोरी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी में शामिल लोगों की पहचान और सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…