जांजगीर में फोटोकॉपी दुकान में चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर (हि. स.)। जिले के अकलतरा में फोटोकॉपी दुकान में नकबजनी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में 22 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल, 3403 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अधियारीपाठ निवासी भोलामणी चक्रधारी की अकलतरा स्थित नेहा फोटोकॉपी दुकान में 7 नवंबर की रात चोरी हुई थी। दुकान संचालक रात में दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर गल्ले से करीब 30 हजार रुपये के नोट और सिक्के तथा रेडमी नोट 9 प्रो मोबाइल गायब मिला। चोर ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
शिकायत पर अकलतरा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदेही की पहचान की गई। इसके बाद यादव मोहल्ला स्थित उसके घर पर दबिश देकर प्रभात उर्फ भोलू यादव को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने दुकान में पीछे के रास्ते से प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि दुकान के दराज में रखे थैले से नगदी, 10, 5, 2 और एक रुपये के सिक्के तथा रेडमी मोबाइल चोरी किया था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गया मोबाइल, सिक्कों सहित 3403 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रभात यादव उर्फ भोलू (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11, यादव मोहल्ला अकलतरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ धारा 331(4) और 305(A) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलेन्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू सहित अकलतरा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT