सीमा पर तीसरी नजर का इंतजाम, पांच एसएसबी बीओपी पर बनेंगे वॉच टावर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
किशनगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में ठाकुरगंज अंचल के पांच बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) पर वॉच टावर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। इसके लिए बिहार सरकार की कुल 11.884 एकड़ गैरमजरूआ खास भूमि गृह मंत्रालय, भारत सरकार को स्थायी रूप से हस्तांतरित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बदले कुल 4 लाख 38 हजार 63 रुपये भुगतान निर्धारित किया गया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से तैयार संलेख के अनुसार, पांच बीओपी के लिए अलग-अलग मौजा में जमीन चिह्नित की गई है। इसमें 19वीं वाहिनी एसएसबी के तवल भीठा और पाठामारी तथा 41वीं वाहिनी के बक्सर भीठा, नेंगड़ा डुबा और निमुगुड़ी बीओपी शामिल हैं। भूमि विवरणी के मुताबिक, तवल भीठा बीओपी के लिए चुरली मौजा में खाता संख्या 550 और खेसरा संख्या 3112/6719 के तहत 2 एकड़ जमीन प्रस्तावित है। पाठामारी बीओपी के लिए दल्लेगांव मौजा में खाता संख्या 640 और खेसरा संख्या 4574 के तहत 2.471 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है।
वहीं, बक्सर भीठा, नेंगड़ा डुबा और निमुगुड़ी बीओपी के लिए क्रमशः खेसरा संख्या 1946, 2493 और 2342 में 2.471-2.471 एकड़ जमीन प्रस्तावित है। विभागीय संलेख में बिहार वित्त नियमावली के नियम-441 और विभागीय पत्रांक 636/रा०, दिनांक 12 मार्च 1991 के प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। इसके तहत निर्धारित राशि के भुगतान पर केंद्र सरकार के मंत्रालयों और संस्थाओं को सरकारी भूमि का स्थायी हस्तांतरण किया जा सकता है। प्रस्ताव पर गृह विभाग और वित्त विभाग की सहमति भी प्राप्त हो चुकी है।
वहीं, किशनगंज के समाहर्ता के प्रस्ताव को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त की अनुशंसा मिली है। अब इस प्रस्ताव पर राज्य मंत्रिपरिषद की स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। मंत्रिपरिषद की मंजूरी और निर्धारित राशि के भुगतान के बाद ही भूमि का स्थायी हस्तांतरण हो सकेगा। जमीन उपलब्ध होने से पांचों बीओपी पर वॉच टावर निर्माण का रास्ता साफ होगा, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र में एसएसबी की निगरानी क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह