Live VNS

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कबड्डी के रोमांचक मुकाबले, शुक्रवार को होंगे चार क्वार्टर फाइनल

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कबड्डी के रोमांचक मुकाबले, शुक्रवार को होंगे चार क्वार्टर फाइनल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के इनडोर स्टेडियम में चल रही पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 में गुरुवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक कुल 17 मैच खेले गए। शुक्रवार को आठ टीमों के बीच चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे।21 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। गुरुवार को कई मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे और कुछ मैचों का फैसला अंतिम क्षणों में हुआ।

पूल-ए में बीएनएम विश्वविद्यालय ने संबलपुर विश्वविद्यालय को 37-26 से हराया। एसजी गुरु विश्वविद्यालय ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय को 48-39 से शिकस्त दी। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने मगध विश्वविद्यालय को 39-33 से पराजित किया, जबकि आरआईएस ने उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय को 31-30 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।

पूल-बी में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर ने पूर्णिया विश्वविद्यालय को 54-13 से बड़े अंतर से हराया। नॉर्थ लखीमपुर विश्वविद्यालय ने मैट्स विश्वविद्यालय को 37-09 से शिकस्त दी। एसएमके विश्वविद्यालय ने एबीवी विश्वविद्यालय को 34-25 से पराजित किया, जबकि त्रिपुरा ने वर्दमान विश्वविद्यालय को 33-32 से हराया।

खेल सचिव डॉ. शेखर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को चार क्वार्टर फाइनल और चार लीग मुकाबले खेले जाएंगे। क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज करने वाली चारों टीमें ऑल इंडिया अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेंगी।

प्रतियोगिता के निदेशक सुरेश कुमार सिंह हैं। मुकाबलों के दौरान रेफरी पैनल में जेपी सिंह, शिवमुनी, जितेंद्र कुमार पटेल, धर्मेंद्र कुमार, अजीत कुमार, माया प्रसाद राय और कन्हैया बिहारी शामिल रहे। इस दौरान डॉ. विजय तिवारी, रजनीश सिंह, अशोक सिंह और सतेन्द्र सिंह मौजूद रहे। खेल गतिविधियों का संचालन राजेश सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…