अनूपपुर: जनजातीय गौरव सप्ताह से जननायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अनूपपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गुरुवार को भाजपा कार्यालय अनूपपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में डिंडौरी विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार के मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत सभी जिलों में दो से तीन किलोमीटर लंबी सांस्कृतिक रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, संगीत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 12 एवं 13 नवंबर को जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं, भगवान बिरसा मुंडा जयंती की पूर्व संध्या 14 नवंबर को जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों में भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमोल सिंह मार्को, जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह एवं जिला सह मीडिया प्रभारी राम केवट उपस्थित रहे।
जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के महान नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। यह जनजातीय समाज के महान नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश, समाज और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजों के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। उनका संघर्ष जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उनका उद्घोष 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' अर्थात हमारा देश, हमारा शासन आज भी जनजातीय स्वाभिमान और आत्मसम्मान का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती भी जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान की साक्षी रही है। भगवान बिरसा मुंडा के साथ टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह जैसे महान जननायकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
जनजातीय महापुरुषों के सम्मान में सरकार ने किए अनेक कार्य
विधायक धुर्वे ने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा जनजातीय महापुरुषों के सम्मान में अनेक विकास एवं जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं। रानी दुर्गावती के सम्मान में जबलपुर और दमोह जिले के संग्रामपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, वहीं पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह के सम्मान में कैबिनेट बैठक हुई। रानी दुर्गावती के नाम पर श्री अन्न योजना, टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय तथा राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है।
छात्रावासों में युवाओं से संवाद, गांवों में लगेंगी गौरव चौपाल
जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 16 एवं 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं के साथ सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं, 18 से 20 नवंबर तक जनजातीय विकासखंडों के चयनित गांवों में जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों में वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और समाज के प्रबुद्धजन शामिल होकर जनजातीय समाज की उपलब्धियों, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद करेंगे।
इसके साथ ही भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों और जननायकों के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान और बलिदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनजातीय गौरव सप्ताह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, लोककला, परंपराओं और अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरण करना है। जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास ही इस अभियान का प्रमुख संकल्प है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला