Live VNS

तमिलनाडु : कार्तिकई महादीप नहीं जलाए जाने के मामले में जिला कलेक्टर ने दाखिल की रिपोर्ट

तमिलनाडु : कार्तिकई महादीप नहीं जलाए जाने के मामले में जिला कलेक्टर ने दाखिल की रिपोर्ट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मदुरै, 25 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीप स्तंभ पर कार्तिकई महादीप नहीं जलाए जाने के मामले में मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने उच्चतम न्यायालय में 17 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट दाखिल की है। रिपोर्ट में उन्होंने दीप नहीं जल पाने के लिए मंदिर देवस्थानम को जिम्मेदार ठहराया है। कलेक्टर के अनुसार, जिला प्रशासन ने उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन कराने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए थे, लेकिन देवस्थानम की ओर से आवश्यक समिति के सदस्यों के नामों की सिफारिश नहीं की गई।

उच्चतम न्यायालय में 25 नवंबर, 2026 को दाखिल रिपोर्ट में जिला कलेक्टर ने बताया कि दीप स्तंभ पर दीप जलाने की जिम्मेदारी मंदिर देवस्थानम को सौंपी गई थी। इसके लिए अधिकतम 10 सदस्यों वाली समिति गठित की जानी थी, लेकिन देवस्थानम ने समिति के सदस्यों के नामों की सिफारिश नहीं की।

जिला कलेक्टर के मुताबिक, देवस्थानम की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद दीप स्तंभ पर कार्तिकई महादीप नहीं जलाया जा सका। रिपोर्ट में बताया गया है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद 20 नवंबर को राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसके बाद 21 नवंबर को हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त और पुलिस आयुक्त के साथ परामर्श बैठक आयोजित की गई।

इसके अलावा तिरुपरंकुंद्रम तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक भी हुई। इन बैठकों में उच्चतम न्यायालय के आदेश के प्रत्येक पहलू पर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि देवस्थानम की मंजूरी से अधिकतम 10 सदस्यों की समिति के माध्यम से दीप जलाने की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर की परंपराओं के अनुसार दीप जलाने की प्रक्रिया मंदिर के कार्यकारी अधिकारी निर्धारित करेंगे।

जिला कलेक्टर की रिपोर्ट के अनुसार, दीप जलाने के कार्यक्रम के लिए सीआरपीएफ जवानों की तैनाती जरूरी नहीं थी। पुलिस आयुक्त ने भी स्पष्ट किया था कि तमिलनाडु पुलिस की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जा सकती है। बताया कि गत 24 नवंबर को देवस्थानम की कार्यकारी समिति को निर्देश दिया गया था कि दीप जलाने का कार्य केवल देवस्थानम द्वारा स्वीकृत समिति के सदस्य ही करें और इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दीप स्तंभ पर दीप जलाने के समर्थन और विरोध में विभिन्न संगठनों के बड़ी संख्या में जुटने की संभावना थी। प्रशासन को प्रदर्शन और अप्रिय घटनाओं की आशंका से जुड़ी सूचनाएं मिली थीं।

ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मदुरै जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी। इसके तहत प्रदर्शन, सभाओं, धरना, जुलूस और सार्वजनिक बैठकों पर रोक लगाने के साथ तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। यह प्रतिबंध 25 नवंबर को सुबह 10 बजे तक लागू रहने की घोषणा की गई थी।

मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने अपनी 17 पन्नों की रिपोर्ट में कहा है कि जिला प्रशासन ने उच्चतम न्यायालय के आदेश को लागू कराने के लिए अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी जरूरी कदम उठाए थे। हालांकि, देवस्थानम की ओर से समिति के सदस्यों के नामों की सिफारिश नहीं किए जाने के कारण दीप जलाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…