Live VNS

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपस्तंभ पर दीपम जलाने को लेकर हलचल तेज, सुरक्षा कड़ी

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपस्तंभ पर दीपम जलाने को लेकर हलचल तेज, सुरक्षा कड़ी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- मुख्यमंत्री विजय ने महाधिवक्ता और डीजीपी के साथ की बैठक, उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन पर मंथन- पहाड़ी पर सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात, 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और फेस डिटेक्शन तकनीक से निगरानी

मदुरै, 23 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के शिखर पर बने दीपस्तंभ पर कार्तिक दीपम के अवसर पर दीप जलाने को लेकर हलचल तेज हो गई है। उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के बाद मंगलवार को दीपस्तंभ पर दीपम जलाने की मांग जोर पकड़ रही है। इस बीच, पहाड़ी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र की कड़ी निगरानी की जा रही है।

दीपस्तंभ पर मंगलवार को दीपम जलाने की मांग करते हुए अधिवक्ता रमेश ने मदुरै के जिला कलेक्टर को कानूनी नोटिस जारी किया है। उन्होंने यह नोटिस जिला राजस्व अधिकारी को सौंपा। नोटिस में कहा गया है कि उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश का बिना किसी बाधा के पालन किया जाना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर अदालत की अवमानना का मामला दायर करने की चेतावनी दी गई है। अधिवक्ता ने अधिकारियों से न्यायालय के आदेश के अनुपालन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करने की मांग की है।

इस बीच, मुख्यमंत्री विजय ने दीपस्तंभ पर दीपम जलाने के मुद्दे पर तमिलनाडु के महाधिवक्ता विजय नारायण और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) महेश कुमार अग्रवाल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मंगलवार को तिरुकार्तिकै के अवसर पर दीपम जलाने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश और राज्य सरकार की आगे की कार्रवाई पर चर्चा की गई।

उधर, पहाड़ी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा उपाय तेज कर दिए हैं। पहाड़ी के तल से लेकर शिखर तक सशस्त्र पुलिसकर्मियों को बारी-बारी से ड्यूटी पर तैनात किया गया है। अधिकारी शिखर पर स्थित दीपस्तंभ क्षेत्र का भी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

पहाड़ी मार्ग और आसपास के इलाकों में 70 से अधिक निगरानी कैमरे लगाए गए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अत्याधुनिक चेहरा पहचानने वाली तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा, किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने सोमवार को पहाड़ी के शिखर पर स्थित दीपस्तंभ क्षेत्र की जांच की।

इस मामले में उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर किए जाने की संभावना को लेकर भी कानूनी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। न्यायालय की परंपरा के अनुसार, अंतरिम आदेश जारी करने वाले न्यायाधीशों के समक्ष ही पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई होती है। इस मामले में आदेश जारी करने वाले न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल पंचोली की पीठ सोमवार को उच्चतम न्यायालय में उपलब्ध नहीं थी।

वहीं, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ के समक्ष भी तमिलनाडु सरकार की ओर से कोई अपील प्रस्तुत नहीं की गई। मंगलवार को गुरु नानक जयंती के अवसर पर उच्चतम न्यायालय में अवकाश रहने के कारण पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई की संभावना भी नहीं है।

ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या मंगलवार को तिरुकार्तिकै के अवसर पर उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के अनुरूप तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपस्तंभ पर दीपम जलाया जाएगा। अदालती आदेश, कानूनी प्रक्रियाओं और मौजूदा तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच राज्य सरकार के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…