मतदाता सूची में गड़बड़ी सुधारने के लिए घर बैठे करें आवेदन, सुबह नौ से रात 10 बजे तक मिलेगी हेल्पलाइन सुविधा

नाम जुड़वाने से लेकर पता, उम्र और जन्मतिथि में संशोधन तक के लिए जारी हुए निर्देश, डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर के दो नंबर जारी
वाराणसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पता बदलवाने अथवा नाम, उम्र और जन्मतिथि जैसी गलतियों को ठीक कराने के लिए अब मतदाताओं को निर्वाचन कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं की सुविधा के लिए डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर स्थापित किया है। यहां जारी हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर मतदाता निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी समस्याओं का समाधान भी करा सकेंगे। यह सुविधा सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 17 नवंबर 2026 से चल रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर के लिए 0542-1950 और 0542-1950-8 नंबर जारी किए गए हैं। मतदाता इन नंबरों पर संपर्क कर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, शिकायत और आवेदन प्रक्रिया के बारे में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे प्रारूप-6 भरकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो (4.5×3.5 सेंटीमीटर), आयु और निवास का प्रमाण देना अनिवार्य होगा।
मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता, आयु, लिंग, जन्मतिथि अथवा अन्य विवरणों में किसी तरह की त्रुटि होने पर प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रारूप-7 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराया जा सकता है।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रारूप-6, प्रारूप-7 और प्रारूप-8 की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है। मतदाता पोर्टल पर अपना नाम खोजने के साथ भाग संख्या, क्रम संख्या और संबंधित मतदान केंद्र की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) के वितरण, मतदाता सूची में त्रुटियों, निर्वाचन संबंधी शिकायतों और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ और निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के माध्यम से भी मतदाताओं को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950, 0542-1950 अथवा 0542-1950-8 पर संपर्क करें।