Live VNS

राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बनेंगे टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स सेंटर, सीसीटीवी अभय कमांड से जुड़ेंगे

राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बनेंगे टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स सेंटर, सीसीटीवी अभय कमांड से जुड़ेंगे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स (टीएएफ) सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से पुलिस और पर्यटन विभाग पर्यटकों को सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएंगे। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस के अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो और कैब पर विशेष क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन करने पर पर्यटकों को सुरक्षा, पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।

पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पर्यटक सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर पुलिस और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें दो सितंबर 2026 को हुई बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

डीजीपी शर्मा ने कहा कि 'पधारो म्हारे देश' की भावना के अनुरूप राजस्थान आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य विशेष शाखा और पर्यटन विभाग को प्रमुख पर्यटन स्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट करने तथा पर्यटकों से प्राप्त फीडबैक फॉर्म में दर्ज सुझावों और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के फीडबैक के आधार पर सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाना चाहिए।

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय जरूरी है। उन्होंने टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स के जवानों, गार्ड और गाइड को भाषिणी जैसे मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए, ताकि वे विदेशी पर्यटकों की भाषा समझकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कर सकें। उन्होंने टीएएफ कार्मिकों को फ्रेंच सहित अन्य विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। प्रमुख मेलों में टीएएफ के साथ होमगार्ड की सेवाएं लेने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित और समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में डीजीपी (ट्रैफिक) मालिनी अग्रवाल ने पर्यटकों और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रावधानों सहित अन्य संबंधित विषयों पर विचार रखे।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियार ने बताया कि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधियों ने हाल ही में राजस्थान में पर्यटक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की है। सुविधाओं के विस्तार के तहत पर्यटन विभाग पर्यटकों के लिए एकीकृत मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है। इसमें चैटबॉट के साथ राजस्थान पुलिस के राजकॉप ऐप, नीड हेल्प और अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे पर्यटकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और जरूरत के समय सहायता प्राप्त करना आसान होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…