दतिया में रतनगढ़ माता के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो महिलाओं की मौत, 17 घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दतिया, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शनिवार सुबह रतनगढ़ माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 17 श्रद्धालु घायल हो गए। ट्रॉली में करीब 20 से 22 लोग सवार थे। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा रतनगढ़ माता मंदिर के रास्ते में दूल्हा देव पार्किंग के आगे एक मोड़ पर हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु भिंड जिले के भीकमपुरा गांव के रहने वाले थे। वे माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार वाहन आने के कारण ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रॉली पलट गई। हादसे में गायत्री रामसेवक शाक्य (40) और मीरा देवी (60) की मौत हो गई। वहीं, 17 श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
सेवढ़ा एसडीओपी दिव्या राजावत ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रैक्टर की तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका सामने आई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे