स्वास्थ्य और आयुष विभाग के नौ डॉक्टरों के तबादले, आदेश जारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष विभाग ने चिकित्सा अधिकारियों के तबादला एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग के तहत एक चिकित्सा अधिकारी का तबादला किया गया है, जबकि आयुष विभाग ने आठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों के तबादले किए हैं। सभी अधिकारियों को नए तैनाती स्थलों पर तुरंत कार्यभार संभालने और इसकी सूचना विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आदेश के अनुसार डा. सिद्धार्थ जैन का तबादला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुम्मा, जिला शिमला से सीएचसी धर्मपुर, जिला सोलन में रिक्त पद पर किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उन्हें तबादले के लिए यात्रा भत्ता (टीटीए) और कार्यभार संभालने के लिए अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा।
वहीं, आयुष विभाग ने आठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों के तबादले और नई जगह तैनाती के आदेश जारी किए हैं। डा. मुकेश कुमार को राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र कक्कड़, जिला हमीरपुर से राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल बिझड़ी, जिला हमीरपुर भेजा गया है। डा. सुरेंद्र धीमान को राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल बिझड़ी से राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र कक्कड़ में तैनात किया गया है।
इसी तरह डा. राखी शर्मा का तबादला राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मंडल, जिला कांगड़ा से राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र बंडी, जिला कांगड़ा किया गया है। डा. निकिता गुलेरिया को बंडी से मंडल भेजा गया है। डा. अंकुश को राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र अलुहा, जिला कांगड़ा से रिक्त पद पर राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र बने दी हट्टी, जिला कांगड़ा में तैनात किया गया है।
डा. शिवानी राणा को राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र तलाई, जिला बिलासपुर से रिक्त पद पर राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र नियाद, जिला कांगड़ा भेजा गया है। डा. आनंदिता मैहता का तबादला राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र डेलग, जिला मंडी से रिक्त पद पर राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र घागस, जिला बिलासपुर किया गया है। डा. मानव सूद को राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र अंबोडा, जिला कांगड़ा से रिक्त पद पर राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र धुपकियारा, जिला कांगड़ा में तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा