Live VNS

जनजातीय गौरव दिवस: छग की गौरवशाली जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और अस्मिता के सम्मान का महापर्व : मंत्री राजेश अग्रवाल

जनजातीय गौरव दिवस: छग की गौरवशाली जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और अस्मिता के सम्मान का महापर्व : मंत्री राजेश अग्रवाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक अस्मिता के सम्मान का महापर्व है।

छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी जनजातीय विरासत, लोककलाओं, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली से है। जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखा है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस हमें जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित किया। उनका जीवन स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय वीरों के शौर्य और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर ने अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय चेतना को नई दिशा दी। इन महानायकों का योगदान प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मंत्री ने कहा कि बस्तर, सरगुजा, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनजातीय अंचल सांस्कृतिक विविधता के अनमोल केंद्र हैं। गोंड, मुरिया, माड़िया, हल्बा, उरांव, कंवर, बैगा और पहाड़ी कोरवा सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों ने अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व, मड़ई मेले और सरगुजा-जशपुर के पारंपरिक उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि गौर नृत्य, करमा, सैला और सुआ जैसे पारंपरिक लोकनृत्य जनजातीय समाज की सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक जीवनशैली को प्रदर्शित करते हैं। इसी तरह बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, बांस शिल्प और पारंपरिक आभूषण जनजातीय कलाकारों की सृजनशीलता के परिचायक हैं। इन कलाओं का संरक्षण सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ कलाकारों और शिल्पकारों के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण के लिए प्रयासरत है। संस्कृति विभाग के माध्यम से लोककलाओं, पारंपरिक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय कलाकारों को प्रदेश और देश के साथ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलें।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर के चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, दंतेवाड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, सरगुजा का मैनपाट और जशपुर के प्राकृतिक पर्यटन स्थल प्रदेश को विशिष्ट पहचान देते हैं। इन क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य के साथ जनजातीय जीवनशैली, पारंपरिक व्यंजन, लोककला और हस्तशिल्प पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व दिए जाने से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को व्यापक पहचान मिली है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास जनजातीय समाज के संघर्ष और बलिदान के बिना अधूरा है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की परंपरा आज के दौर में भी प्रासंगिक है। जल, जंगल और जमीन के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा पारंपरिक ज्ञान पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण प्रेरणास्रोत हैं।

अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित जनजातीय समाज के सभी ज्ञात-अज्ञात महानायकों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित रखते हुए उसके सम्मान, समृद्धि और स्वाभिमान के लिए सामूहिक प्रयास करना हम सभी का दायित्व है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…