Live VNS

मुरादाबाद : वर्षा जल निकासी हेतु ट्रंक वाटर स्टॉर्म ड्रेन के निर्माण के लिए 477.57 लाख रुपये अवमुक्त

मुरादाबाद : वर्षा जल निकासी हेतु ट्रंक वाटर स्टॉर्म ड्रेन के निर्माण के लिए 477.57 लाख रुपये अवमुक्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मुरादाबाद, 19 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने गुरुवार को बताया कि जिले के ग्राम- बरवारा मझरा स्थित रामपुर दोराहा, रामपुर रोड के सन्निकट भू-भाग के वर्षा जल निकासी हेतु ट्रंक वाटर स्टॉर्म ड्रेन का निर्माण कार्य परियोजना 955.14 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। इसमें से प्रथम किस्त के रूप में 477.57 लाख रुपये अवमुक्त कर दिया गया है। एमडीए उपाध्यक्ष के अनुसार शीघ्र ही स्थल पर कार्य प्रारम्भ कराया जायेगा।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने आगे बताया कि जिले में रामपुर रोड पर पूर्व में विकसित विभिन्न योजनायें यथा- कबीर नगर, एकता विहार उत्तरी, एकता विहार दक्षिणी तथा फ्रेन्डर्स अपार्टमेन्ट के अन्तर्गत आने वाले ग्राम- बरवारा मझरा एवं रामपुर रोड के सन्निकट भू-भाग से निकलने वाले वर्षा जल का अन्तिम निस्तारण बिन्दु तक ट्रंक ड्रेन के निर्माण के अभाव में उचित निकास न हो पाने के कारण प्रत्येक वर्ष उक्त क्षेत्र वर्षा जल से जलोप्लावित हो जाने के दृष्टिगत समस्या के समाधान किये जाने हेतु प्राधिकरण द्वारा रामपुर रोड, जिसकी मुरादाबाद विकास क्षेत्र के महायोजना- 2031 के अनुसार मार्गाधिकार चौड़ाई 45 मीटर है, पर कुल लम्बाई 1680मीटर में नाला निर्माण (आरसीसी) हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट कुल आगणन 1052.75 लाख तैयार करते हुए शासन को प्रेषित की गयी थी।

एमडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि इसी प्रकार मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा दिल्ली रोड पर लगभग 25 वर्ष पूर्व विकसित नया मुरादाबाद योजना के वर्षा जल निस्तारण एवं ग्राम- मंगूपुरा एवं दिल्ली रोड पर इसके सन्निकट क्षेत्र में प्राप्त होने वाले वर्षा जल की निकासी हेतु कोई सुगम ट्रंक ड्रेन के अभाव में तथा निर्मित ड्रेन के वर्तमान में क्षतिग्रस्त तथा क्रियाशील न होने के कारण, उक्त योजना तथा इसके सन्निकट क्षेत्रों में वर्षा जल का उचित निकास नहीं हो पाता है। जिसके दृष्टिगत दिल्ली रोड (पुरानी एनएच 24) जीरो प्वाइंट से गांगन नदी तक सड़क के बाई सर्विस रोड तथा दिल्ली रोड पर सेक्टर-13 स्थित तिराहे से गांगन नदी तक वर्षा जल निकासी हेतु स्टार्म वाटर ड्रेन के निर्माण कुल आगणन 877.35 लाख रुपये की परियोजना रिपोर्ट शासन को प्रेषित की गयी थी, जिसका तकनीकी मूल्यांकन कराते हुए शासन द्वारा कुल परियोजना 820.36 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर, प्रथम किस्त के रूप में 410.18 लाख रुपये अवमुक्त कर दिया गया है। शीघ्र ही स्थल पर कार्य प्रारम्भ कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…