Live VNS

मंडप सजाकर हुई तुलसी पूजा, बांटी खुशियां

मंडप सजाकर हुई तुलसी पूजा, बांटी खुशियां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बच्चों ने की आतिशबाजी, छोटी दिवाली को लेकर रहा उल्लास का माहौल

भगवान को अर्पित किया जाता फूल, चना भाजी, लाल भाजी, सिंघाड़ा, जाम, केला

धमतरी, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक छोटी दिवाली देवउठनी एकादशी का उल्लास छाया रहा। विधि-विधान से गन्ने का मंडप सजाकर पूजा-अर्चना की गई। हालांकि दिनभर हुई रिमझिम बारिश के चलते आंगन में मंडप सजाने में परेशानी हुई। लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृध्दि की कामना की।

देवउठनी एकादशी पर घर -घर में दीये जलाए गए। पश्चात तुलसी के पौधे के सामने गन्ना से मंडप सजाकर विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। हल्दी, कुमकुम, अक्षत, पीले वस्त्र व पुष्प के साथ तुलसी विवाह की रस्म निभाई गई। भगवान को भोग लगाया गया। पूजा अर्चना के बाद व्रतधारियों ने अपना व्रत तोड़ा। बच्चों व युवाओं ने पटाखे फोड़े। रिमझिम बारिश के बावजूद देवउठनी पर्व के चलते शहर में खरीददाराें की भीड़ लगी रही। शुक्रवार को शहर के मुख्य मार्ग बाजार, सिहावा चौक, प्रशांत टाकीज के पास, मकई चौक, शनि मंदिर, रत्नाबांधा चौक, आंबेडकर चौक सहित कई स्थानों पर देर शाम तक गन्ने की बिक्री हुई।

शाम को घर घर में विधि-विधान से तुलसी पूजा हुई घर आंगन में दीप जलाए गए। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी की। तुलसी विवाह में गन्ना से मंडप बनाने की पौराणिक मान्यता के चलते इस दिन घर घर में बनने से गन्ना से मंडप सजाया जाता है। शहर के प्रमुख चौक चौराहों के अलावा मुख्य बाजार में देर शाम तक गन्नों की बिक्री होती रही। बड़ी तादाद में इस बार गन्ना बिकने पहुंचा। दूरदराज से गन्ना बेचने पहुंचे विक्रेताओं ने देर शाम तक ग्राहकी की।

डाही क्षेत्र में देवउठनी एकादशी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर में विधि-विधान से भगवान शालिग्राम और तुलसी का विवाह संपन्न कराया गया। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार चार माह की योग निद्रा के बाद इस दिन भगवान विष्णु जागृत होते हैं। इसे प्रबोधिनी अथवा देवोत्थान एकादशी भी कहा जाता है। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम के साथ कराने से घर में सुख-समृद्धि और सौभाग्य का आगमन होता है। इसी के साथ मांगलिक एवं विवाह आयोजनों की शुरुआत भी हो जाती है।

पर्व के अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए निर्जला उपवास रखा तथा शाम को तुलसी और शालिग्राम का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया। पूजा सामग्री के साथ शकरकंद, कोचई, आंवला, फल, फूल, बेर, चना, भाजी और गन्ने की जमकर खरीदारी हुई। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक परंपरा के अनुसार चरवाहों ने गोमाता को सुहाई बांधकर किसानों से आशीर्वाद मांगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…