Live VNS

जींद : निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये ठगे, कोटा से आरोपित गिरफ्तार

जींद : निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये ठगे, कोटा से आरोपित गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जींद, 12 नवंबर (हि.स.)। यू ट्यूब पर निवेश से अच्छा मुनाफा कमाने का विज्ञापन दिखाकर एक व्यक्ति से नौ लाख 66 हजार 385 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में गुरुवार काे साइबर क्राइम थाना पुलिस ने राजस्थान के कोटा से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से ठगी के 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं आरोपी के बैंक खाते में दो लाख रुपये पहले ही होल्ड करवाए जा चुके हैं।

गुरूवार को जानकारी देते हुए थाना साइबर क्राइम प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने बताया कि जुलाना के मालवी रोड निवासी पवन ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने यूट्यूब पर निवेश से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। इसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का लालच दिया गया था। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक कर उसने संबंधित प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करवाया और शुरुआत में 22 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके कुछ समय बाद उसके पास गणेश नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को निवेश संबंधी सेवाएं देने वाली संस्था से जुड़ा बताया।

उसने शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया कि निवेश की गई रकम पर प्रतिदिन मुनाफा मिलेगा और जरूरत पडऩे पर पैसे भी निकाल सकेगा। इसके बाद निवेश और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रुपये जमा करवाए गए। इस तरह शिकायतकर्ता ने कुल नौ लाख 66 हजार 385 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब शिकायतकर्ता ने अपनी निवेश की गई रकम वापस मांगी तो आरोपित टालमटोल करने लगे। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दी। तकनीकी जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के कोटा निवासी पंकज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित पंकज से 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। उसके बैंक खाते में दो लाख रुपये पहले ही होल्ड करवाए जा चुके हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…