देव दीपावली पर वाराणसी की घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा करेगी एनडीआरएफ की नौ टीमें, लाइफ जैकेट पहनने की अपील

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
वाराणसी, 23 नवम्बर (हि. स.)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी में आयोजित होने वाले भव्य देव दीपावली महापर्व के दौरान गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उनकी सुरक्षा तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ (वाराणसी) ने व्यापक सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित की है। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के कुशल नेतृत्व में एनडीआरएफ की कुल 09 टीमें गंगा नदी के प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेंगी। इन टीमों की तैनाती नमो घाट, गाय घाट, सिंधिया घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, चौसट्टी घाट, हनुमान घाट, दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट एवं सामने घाट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर रहेगी।
वही, तैनात एनडीआरएफ टीमों में प्रशिक्षित बचावकर्मियों, गहरे पानी में गोताखोरी करने वाले कुशल डीप डाइवर्स, आधुनिक बचाव उपकरणों, मोटरबोट एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त मेडिकल टीम की व्यवस्था रहेगी। टीमें गंगा नदी में निरंतर पेट्रोलिंग करते हुए जल सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी तथा किसी भी अप्रिय घटना अथवा आपात स्थिति में त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम देंगी। इस दौरान एनडीआरएफ की टीमें जिला प्रशासन, पुलिस, जल पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेंगी, जिससे देव दीपावली महापर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
एनडीआरएफ की ओर से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील करते हुए कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने कहा कि गंगा में स्नान एवं नौका विहार के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नौका विहार करते समय लाइफ जैकेट अवश्य पहनें तथा नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न करें। घाटों पर निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी सुरक्षा कर्मियों अथवा एनडीआरएफ के जवानों को सूचित करें। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, वाराणसी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आपदा-मुक्त देव दीपावली के आयोजन हेतु सदैव तत्पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद