Live VNS

उज्जैन: राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

उज्जैन: राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद विधि-विधान से पूजन और अभिषेक की शुरुआत हुई। भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम जल अर्पित किया गया।

कपूर आरती के बाद भगवान महाकाल के मस्तक पर चंदन और भांग अर्पित की गई। मंत्रोच्चार के बीच ज्योतिर्लिंग का विशेष पूजन किया गया। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से परंपरानुसार भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के बाद भगवान का राजा स्वरूप में मनमोहक श्रृंगार किया गया। इस दौरान बाबा महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और अन्य आभूषण धारण कराए गए। चंदन, भांग और सुगंधित गुलाब सहित विभिन्न पुष्पों की मालाओं से भगवान का अलंकरण किया गया। श्रृंगार के बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

भस्म आरती में शामिल श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन कर जयकारे लगाते नजर आए। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…