बैकुंठ चतुर्दशी पर महाकाल की भस्म आरती में हुआ हरि का पूजन, रात को निकली सवारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
उज्जैन, 23 नवंबर (हि.स.)। बैकुंठ चतुर्दशी पर मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में हरि और हर के मिलन की अनूठी परंपरा निभाई गई। सोमवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष भस्म आरती हुई। इस दौरान भगवान महाकाल का राजा स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया और भगवान श्रीहरि विष्णु का पूजन-अर्चन भी हुआ। बाबा महाकाल को तुलसी की और भगवान विष्णु को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई।
सोमवार सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही भस्म आरती की तैयारियां शुरू हुईं। पुजारी और पुरोहितों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान को चंदन, भांग, वैष्णव तिलक और आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप में सजाया गया।
तुलसी और बिल्वपत्र की माला से हुआ पूजन
बैकुंठ चतुर्दशी के विशेष अवसर पर भस्म आरती में भगवान श्रीहरि विष्णु का भी पूजन किया गया। हरि और हर की एकात्मता के प्रतीक स्वरूप भगवान महाकाल को तुलसी की माला और भगवान विष्णु को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई। प्रथम घंटाल बजने के बाद पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान किया और हरिओम जल अर्पित किया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग पर भांग, चंदन और त्रिपुंड लगाया गया। श्रृंगार के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई।
इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। मोगरे और गुलाब के फूलों से बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया। भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान नंदी महाराज के दर्शन कर भक्तों ने उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।
रजत पालकी में मनमहेश स्वरूप में निकले बाबा महाकाल
वहीं, बैकुंठ चतुर्दशी की एक अन्य प्रमुख परंपरा के तहत रविवार मध्यरात्रि हरि और हर का मिलन संपन्न हुआ। चातुर्मास के समापन पर राजाधिराज बाबा महाकाल भगवान श्रीहरि विष्णु से मिलने गोपाल मंदिर पहुंचे, जहां भगवान द्वारकाधीश से उनका परंपरागत मिलन हुआ। इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक मौजूद रहे। परंपरा के अनुसार, रात करीब 11 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से बाबा महाकाल की सवारी निकाली गई। रजत पालकी में भगवान मनमहेश स्वरूप में विराजमान होकर बाबा महाकाल गोपाल मंदिर के लिए रवाना हुए। सवारी महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने दर्शन कर बाबा का स्वागत किया।
हर ने हरि को सौंपी सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी
गोपाल मंदिर में शासकीय पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान भगवान महाकाल की ओर से भगवान द्वारकाधीश को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई, जबकि भगवान द्वारकाधीश की ओर से बाबा महाकाल को तुलसी की माला भेंट की गई। इस परंपरा को हरि और हर के मिलन का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि चातुर्मास के दौरान सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान विष्णु के पास रहता है और बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान महाकाल उन्हें यह दायित्व सौंपते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन और मांगलिक कार्यों के पुनः आरंभ होने का संदेश भी जुड़ा है। पूजन के बाद गोपाल मंदिर में भगवान द्वारकाधीश और बाबा महाकाल की विशेष आरती की गई। इस अलौकिक परंपरा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। हरि-हर के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस तरह बैकुंठ चतुर्दशी पर सुबह महाकाल मंदिर की विशेष भस्म आरती से लेकर मध्यरात्रि में गोपाल मंदिर में हरि-हर मिलन तक उज्जैन शिव और विष्णु की आराधना में सराबोर नजर आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे