Live VNS

भस्म आरती में भांग और ड्रायफ्रूट से सजे बाबा महाकाल, पंचामृत अभिषेक के बाद राजा स्वरूप में किया श्रृंगार

भस्म आरती में भांग और ड्रायफ्रूट से सजे बाबा महाकाल, पंचामृत अभिषेक के बाद राजा स्वरूप में किया श्रृंगार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के 4 बजे भस्म आरती हुई। अगहन माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि पर भगवान महाकाल का विशेष पूजन-अभिषेक कर भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और आकर्षक आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

सुबह निर्धारित समय पर मंदिर के पट खुलते ही पुजारी और पुरोहितों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया।

मंत्रोच्चार के बीच कपूर आरती संपन्न हुई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग का भांग, चंदन और अन्य पूजन सामग्री से श्रृंगार किया गया। भगवान के मस्तक पर रजत चंद्र और त्रिपुंड सजाया गया। गुलाब सहित सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। श्रृंगार के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से परंपरानुसार भस्म अर्पित की गई।

रजत मुकुट और मुंडमाल से सजा बाबा का स्वरूप

भस्म आरती के बाद भगवान महाकाल का राजा स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा को भांग और ड्रायफ्रूट से सजाने के साथ शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। सुगंधित फूलों की मालाओं और विभिन्न आभूषणों से भगवान का अलंकरण किया गया। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।

नंदी के कान में श्रद्धालुओं ने मांगी मनोकामना

भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। दर्शन के बाद भक्तों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…