Live VNS

पंचामृत अभिषेक के बाद राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, रजत आभूषणों से किया अलंकरण

पंचामृत अभिषेक के बाद राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, रजत आभूषणों से किया अलंकरण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के चार बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। भगवान महाकाल का हरि ओम जल से अभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल का आकर्षक राजा स्वरूप में शृंगार किया गया। भगवान को रजत चंद्र, त्रिशूल और त्रिपुंड धारण कराए गए। वहीं, ड्रायफ्रूट, भांग, चंदन और सुगंधित पुष्पों से उनका दिव्य अलंकरण किया गया।

पट खुलने के बाद पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक संपन्न हुआ। प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच पूजन के बाद कपूर आरती की गई। ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं धारण कराई गईं। रजत आभूषणों और आकर्षक शृंगार से बाबा महाकाल का मनोहारी राजा स्वरूप भक्तों के सामने आया। भगवान को फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।

भस्म आरती में गूंजे बाबा के जयकारे

झांझ, मंजीरे और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी हॉल में विराजित नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कही। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…