वैदिक विज्ञान को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ पुनः स्थापित करना मानव हित में जरूरी :आचार्य राजीव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 27 नवंबर (हि.स.)। वैदिक एनर्जी से जुड़े आचार्य राजीव ने कहा कि ज्योतिष को चमत्कार की विद्या या आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का विकल्प मानना गलत है। ज्योतिष का उद्देश्य मनुष्य को भविष्य की संभावित परिस्थितियों के प्रति सचेत करना और सही निर्णय लेने में मार्गदर्शन देना है। वैदिक विज्ञान को अंधविश्वास से बाहर निकालकर शोध से पुनः स्थापित करना मानव हित में जरूरी है।
शुक्रवार को मध्य हरिद्वार स्थित होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में आचार्य राजीव ने कहा कि जो ज्योतिषी चमत्कार का दावा करते हैं, वे इस विद्या को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ज्योतिष जीवन का गूगल मैप है, जो बताता है कि कब सावधानी बरतनी है, कब धैर्य रखना है और कब अवसर का लाभ उठाना है।
मेडिकल एस्ट्रोलॉजी पर उन्होंने बताया कि वह दस वर्षों से कैंसर मरीजों की कुंडलियों का अध्ययन कर रहे हैं, जिसमें कुछ ग्रहों और दशाओं के पैटर्न सामने आए हैं। ज्योतिष को चिकित्सा का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए, इसका उद्देश्य संवेदनशील समय के प्रति जागरूक करना है, ताकि व्यक्ति समय पर चिकित्सक से परामर्श ले।
आचार्य राजीव ने बताया कि वह सात वर्षों से प्रजनन संबंधी ज्योतिषीय अध्ययन और एस्ट्रो फर्टिलिटी चार्ट पर काम कर रहे हैं। इसमें 80 प्रतिशत तक सफलता का दावा करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक परीक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि यजुर्वेद के रोग विशेष से संबंधित मंत्रों पर 450 संस्कृत विद्यार्थियों के साथ शोध हो रहा है और मंत्रों के सही उच्चारण के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला