Live VNS

भावी इंजीनियरों को रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए किया प्रेरित

भावी इंजीनियरों को रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए किया प्रेरित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

पौड़ी गढ़वाल, 17 नवंबर (हि.स.) गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी में एलारा कैपिटल ग्रुप के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज भट्ट ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।

वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले राज भट्ट ने वर्ष 2002 में एलारा कैपिटल की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में समूह निवेश बैंकिंग, फंड जुटाने, कॉर्पोरेट परामर्श, विलय एवं अधिग्रहण तथा पूंजी बाजार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य कर रहा है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, क्षमता और समय का उपयोग सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में करें। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य बल्कि उसके भविष्य और संभावनाओं को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवनशैली अपनाने और अपने व्यक्तिगत व व्यावसायिक विकास पर ध्यान देने की अपील की। इस मौके पर निदेशक डा.वीके बंगा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सकारात्मक जीवनशैली और उद्यमशील सोच का विकास भी आवश्यक है।

उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य में रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इस मौके पर डॉ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. पवन पंत आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…