Live VNS

30 नवम्बर तक कर सकते हैं नंदा-गौरा योजना के लिए आवेदनः नीतू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई टिहरी, 26 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी नंदा गौरा योजना के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। इस योजना से वंचित रहे गए अभ्यर्थी 30 नवम्बर तक पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत 12वीं पास बालिका को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी नीतू बधानी ने बताया कि वर्ष 2026 में नंदा गौरा योजना के अंतर्गत कीर्तिनगर ब्लॉक से कुल 121 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 101 आवेदनों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद जनपद स्तर के लिए अग्रसारित किया जा चुका है। बताया कि उत्तराखंड बोर्ड से वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाली पात्र बालिकाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं।

योजना के अंतर्गत पात्र बालिकाओं को 51 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। जिससे उन्हें आगे की शिक्षा और भविष्य की आवश्यकताओं में आर्थिक सहयोग मिल सके। बधानी के अनुसार योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए बालिका के माता-पिता की वार्षिक आय अधिकतम 72 हजार रुपये निर्धारित की गई है। उन्होंने विकासखंड की सभी पात्र बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे नंदा गौरा योजना के महत्व को समझते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कर लें।

स्पष्ट किया कि आवेदन की अंतिम तिथि के बाद आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। नंदा गौरा योजना प्रदेश की बेटियों को आर्थिक संबल प्रदान करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सरकारी पहल है। ऐसे में जरूरी है कि कोई भी पात्र बालिका जानकारी के अभाव अथवा समय पर आवेदन न करने के कारण इस योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…