बदरीनाथ धाम में पंच पूजाएं शुरू,एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
ज्योतिर्मठ, 12 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया गुरुवार से पंच पूजाओं के साथ शुरू हो गई। पहले दिन भगवान गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए। भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शनों के लिए धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
कपाट बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने,सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
इससे पहले एसपी ने बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल से मुलाकात कर उनके वापसी कार्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी धर्माधिकारी, वेदपाठी, लक्ष्मी मंदिर के पुजारियों, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों और पंडा पंचायत के सदस्यों से भी कपाट बंद होने से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
पुलिस के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद 17 नवंबर को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। वहीं, 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी और भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ की डोली ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी। एसपी ने डोली यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण