Live VNS

बद्रीनाथ धाम में पंच पूजाओं के द्वितीय दिवस पर आदिकेदारेश्वर एवं आद्य गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट हुए बंद

बद्रीनाथ धाम में पंच पूजाओं के द्वितीय दिवस पर आदिकेदारेश्वर एवं आद्य गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट हुए बंद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- बदरीनाथ धाम के कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू

ज्योतिर्मठ, 13 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी सोमवार, 16 नवंबर रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। कपाट बंद की प्रक्रियाओं के तहत संपादित होने वाली पंच पूजाएं बीते गुरूवार से शुरू हुई। शुक्रवार को कपाट मंगल के अंतर्गत द्वितीय दिवस अपराह्न सवा दो बजे पूजा अर्चना के बाद श्री आदिकेदारेश्वर मंदिर तथा श्री आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए।

बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने कपाट बंद से पहले आदि केदारेश्वर जी तथा आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पके चावलों का भोग अर्पित किया। नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर आचार्य सेमवाल, डा. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी, डा. अमित बंदोलिया, पुजारी बदरी भट्ट,सोनू भट्ट, किशोर भट्ट ने पूजा-अर्चना संपन्न की। आरती के बाद विधि-विधान से आदि केदारेश्वर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए। इसके तुरंत बाद अपराह्न ढाई बजे आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट भी पूजा-अर्चना पश्चात बंद हुए।

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जारी संदेश में श्रीबदरीनाथ धाम कपाट मंगल की प्रक्रिया के अवसर पर देश विदेश के श्रद्धालुओं को बधाई दी है।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती तथा उपाध्यक्ष विजय कप्रवान ने भी कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू होने पर शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ सहित मंदिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…