बैणी-भुली योजना की पहली किस्त दिसंबर अंत तक, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की तैयारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार की बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की 5.23 लाख महिलाओं को आर्थिक गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योजना की पहली किस्त दिसंबर 2026 के अंत तक सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जबकि दूसरी किस्त विधानसभा चुनाव के बाद जारी होगी। सरकार इसे महिलाओं को स्वरोजगार के लिए शुरुआती पूंजी उपलब्ध कराने की पहल बता रही है। वहीं, बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 23 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की तैयारी है।
ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नौ नवंबर को गैरसैंण से बैणी-भुली योजना का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को शुरुआती पूंजी और मार्जिन मनी के अभाव में स्वरोजगार के अवसरों से वंचित होने से बचाना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत करीब 5.23 लाख महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। पहली किस्त दिसंबर के अंत तक जारी होगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस धनराशि का उपयोग अपनी आजीविका और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कर सकेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रोकने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ रही है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले 23 हजार युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसमें प्रशिक्षित और अप्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनके प्लेसमेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसियों को भुगतान तभी किया जाएगा, जब उनके माध्यम से नियुक्त युवाओं की नौकरी के छह महीने पूरे हो जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रशिक्षण के साथ युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराया जाए।
योजना को चुनाव से पहले महिलाओं को लुभाने की कोशिश और दिखावे की पहल बताए जाने संबंधी सवाल पर मंत्री चौधरी ने कहा कि दिसंबर तक पता चल जाएगा कि योजना दिखावे की है या नहीं। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब तक 3.19 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बना चुकी है। उनका कहना था कि यदि सरकार पहले से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए काम नहीं कर रही होती तो इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं लखपति दीदी नहीं बन पातीं।
दूसरी किस्त चुनाव के बाद जारी किए जाने के सवाल पर चौधरी ने कहा कि राजनीतिक दल चुनाव में अपनी योजनाओं और कामों का लाभ लेने का प्रयास करते हैं। पहले भी ऐसी योजनाओं के अच्छे परिणाम मिले हैं तो उन्हें दोहराने में क्या गलत है। सफल योजनाओं को आगे बढ़ाना स्वाभाविक है। विपक्ष का काम सवाल उठाना है और वह अगले 20 साल तक भी सवाल उठाता रहे तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
भाजपा के चुनावी आत्मविश्वास पर उन्होंने कहा कि विकास का आत्मविश्वास है। ओवर कॉन्फिडेंस तो कांग्रेस को है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को अच्छे परिणाम मिलने पर कहा कि बिहार और महाराष्ट्र से भी बेहतर चुनावी परिणाम आने की उम्मीद जताई।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय