भारत को जानो प्रतियोगिता में सीनियर में रुड़की और जूनियर में हरिद्वार अव्वल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद की उत्तराखंड पश्चिम खंड की भारत को जानो प्रश्न मंच प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में रुड़की के योगी मंगलनाथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने तथा जूनियर वर्ग में डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें दिसंबर में मेरठ में क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिता प्रांतीय उपाध्यक्ष रश्मि चौहान के विद्यालय एंजेल्स सीनियर सेकेंडरी एकेडमी बहादराबाद में आयोजित की गई। इसमें प्रांत की 14 शाखाओं की सीनियर और जूनियर वर्ग की 13-13 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सत्येंद्र मित्तल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष मनीषा सिंघल ने तथा संचालन प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने किया। संयोजक डॉ. राजीव गोयल ने विद्यार्थियों को नियमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रांतीय संयोजक के.के. अरोड़ा, प्रीति अग्रवाल, कुशल पाल सिंह चौहान, संगठन सचिव निखिल वर्मा, विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर पी.एस. चौहान आदि उपस्थित रहे।
सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान योगी मंगलनाथ सरस्वती विद्या मंदिर रुड़की, द्वितीय टीसीजी पब्लिक स्कूल कोटद्वार, तृतीय डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार तथा सांत्वना पुरस्कार पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देहरादून ने प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग में प्रथम डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार, द्वितीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सेवला कलां देहरादून, तृतीय एसजीआरआर पब्लिक स्कूल देहरादून तथा सांत्वना पुरस्कार ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल रुड़की ने प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला