Live VNS

राजतंत्र और धर्मतंत्र के जागरण से होगा श्रेष्ठ समाज का निर्माण: डॉ. चिन्मय पण्ड्या

राजतंत्र और धर्मतंत्र के जागरण से होगा श्रेष्ठ समाज का निर्माण: डॉ. चिन्मय पण्ड्या

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जन्मशताब्दी समारोह में भारत सहित 40 देशों के करीब 24 हजार परिजन रहेंगे मौजूद

हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण ही जन्मशताब्दी समारोह का मूल उद्देश्य है। श्रेष्ठ और संतुलित समाज के निर्माण के लिए राजतंत्र और धर्मतंत्र दोनों का जागरण आवश्यक है। राजतंत्र समाज को व्यवस्था और दिशा देता है, जबकि धर्मतंत्र उसे नैतिकता, संवेदना, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से समृद्ध करता है।

यह बात जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।

उन्होंने बताया कि माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी समारोह के अंतर्गत पांच दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला निर्धारित की गई है। इसमें तीन दिवसीय आयोजन नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में संपन्न हो चुका है। दिल्ली के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य शासन, नीति-निर्माण और सामाजिक नेतृत्व से जुड़े राजतंत्र को जागृत करना था, जबकि 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में होने वाला दो दिवसीय समारोह धर्मतंत्र के जागरण को समर्पित रहेगा।

डॉ. पण्ड्या ने बताया कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इस समारोह में भारत सहित 40 देशों के करीब 24 हजार परिजनों से अधिक आने की संभावना है। देशभर में गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता भी आयोजन से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज और युवा शक्ति के जागरण को गति देना समारोह के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। विशेष रूप से हरिद्वार के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जाएगी। दो दिवसीय समारोह के दौरान ध्वजारोहण, शोभायात्रा, संत समागम और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श के सत्र आयोजित होंगे। संत समागम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी राजराजेश्वराश्रम, स्वामी चिदानंद मुनि सहित अनेक प्रमुख संतों की भागीदारी होगी।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक ने बताया कि विभिन्न सत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, सांसद बांसुरी स्वराज सहित अनेक गणमान्य अतिथि पहुंचेंगे। समारोह के दौरान माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट के विमोचन का भी प्रस्ताव है। देश-विदेश से परिजनों के हरिद्वार पहुंचने के साथ ही शहर का उत्तरी क्षेत्र इन दिनों श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…