Live VNS

हरिद्वार से निकला संगठन का संकल्प हर बूथ तक पहुंचेगा : कुंदन परिहार

हरिद्वार से निकला संगठन का संकल्प हर बूथ तक पहुंचेगा : कुंदन परिहार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। हरिद्वार में आयोजित दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को पार्टी ने चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए इसे संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करार दिया है। बैठक में प्रदेशभर से करीब 890 प्रतिनिधियों की भागीदारी को संगठन की व्यापक सक्रियता का संकेत बताया गया है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरिद्वार की सफल कार्यसमिति ने साबित किया है कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, आपसी समन्वय और अनुशासन से ही इतना बड़ा आयोजन सफल हो सका। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से निकला संगठन का संकल्प अब प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र और बूथ तक पहुंचेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक होगी।

परिहार ने कहा कि कार्यसमिति में केवल संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा नहीं हुई, बल्कि वर्ष 2027 के चुनाव को ध्यान में रखकर आगे की रणनीति पर भी व्यापक मंथन किया गया। बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने, संगठनात्मक विस्तार तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश के विकास और सरकार के कार्यों पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के प्रति उनके संबोधन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त किया है। यह विश्वास कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और बड़ी जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पिछले चुनाव से भी बड़े जनादेश के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा मुख्यमंत्री की सक्रिय सहभागिता ने कार्यसमिति के विमर्श को महत्वपूर्ण आधार दिया। प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन भी संगठन के लिए उपयोगी रहा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यसमिति को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि के हरि के द्वार हरिद्वार में प्रदेशभर के संगठनात्मक प्रतिनिधियों का एकत्र होना विशेष महत्व रखता है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान वाले इस तीर्थस्थल पर भविष्य की कार्ययोजना को लेकर हुआ मंथन संगठन की एकजुटता और सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…