देहदानियों को राजकीय गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-दधीचि देहदान समिति ने दून अस्पताल चौक का नाम ‘दधीचि चौक’ रखने का भी किया अनुरोध
देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मरणोपरांत देहदान करने वाले व्यक्तियों को राजकीय गार्ड ऑफ ऑनर देने के संबंध में शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार शाम दधीचि देहदान समिति, देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से उनके आवास स्थित कार्यालय में भेंट कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
समिति ने मांग की कि देहदानी की पार्थिव देह को मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए अंतिम यात्रा शुरू होने से पहले पुलिस की ओर से राजकीय गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाए। इसके साथ ही मरणोपरांत अंगदान करने वालों को भी उपयुक्त राजकीय सम्मान देने तथा दिवंगत देहदानियों के परिजनों को गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोहों में सम्मानित करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने देहदान को मानवता के हित में किया गया बड़ा त्याग बताते हुए कहा कि यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने देहदानियों की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए देहदान का निर्णय लेने वाले परिजनों की भी सराहना की।
इस दौरान समिति ने दून अस्पताल चौक का नाम बदलकर ‘दधीचि चौक’ रखने का अनुरोध भी किया। समिति ने बताया कि उसके प्रयासों से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज ने अपने ओपीडी ब्लॉक की बाहरी दीवार को ‘दधीचि दीवार’ के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी है।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल, महासचिव नीरज पांडे और कोषाध्यक्ष के.के. अरोड़ा शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय