कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर 11 जोन और 36 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। स्नान पर्व पर हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सक्रिय किया गया है।
सोमवार को एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय कुमार ने अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान पर्व की ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां समझाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि पिछले स्नान पर्वों के अनुभव के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर अचानक श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी पुलिसकर्मी पहले से पूरी तैयारी रखें और निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मुस्तैदी से तैनात रहें। किसी भी कर्मचारी को अपने प्रतिस्थानी के पहुंचने से पहले ड्यूटी स्थल छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। भीड़ का दबाव बढ़ने पर सुपर जोनल और जोनल अधिकारी वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर व्यवस्था संभालेंगे।
घाटों पर विशेष निगरानी, जल पुलिस की पांच टीमें तैनात
गंगा घाटों पर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस की पांच टीमों के साथ एक फ्लड टीम तैनात रहेगी। घाटों पर रस्से और डिवाइडर की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं को अधिक देर तक रुकने नहीं दिया जाएगा, बल्कि उन्हें तत्काल बाहर निकालकर गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को सुबह दो बजे जगाकर घाट खाली कराने की जिम्मेदारी भी ड्यूटी प्रभारियों को सौंपी गई है।
महिला घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी और स्नान के दौरान भीड़ का दबाव नियंत्रित किया जाएगा। मां मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों पर भी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने तथा भीड़ बढ़ने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया है।
बम निरोधक दस्ते और श्वान दल भी रहेंगे सक्रिय
सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ते और श्वान दल की टीमें लगातार मेला क्षेत्र में चेकिंग करेंगी। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, अपर रोड और घाटों के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस की दो टीमें भी तैनात रहेंगी। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार करने और ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही सभी जोनल और सेक्टर प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को ब्रीफ करने तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
12 घंटे की दो पालियों में होगी ड्यूटी
स्नान पर्व के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी 12-12 घंटे की दो पालियों में लगाई गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्नान पर्व के दौरान जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी वाहन को सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा न होने दें और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में भिजवाएं। इसके अलावा हरकी पैड़ी क्षेत्र में भिखारियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए निर्धारित एसओपी की जानकारी सभी पुलिसकर्मियों को रखने को कहा गया है।
स्नान पर्व पर सुरक्षा में तैनात रहेगा पुलिस बल
स्नान पर्व की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के दो, पुलिस उपाधीक्षक के 10, निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष स्तर के 16, उपनिरीक्षक के 85, मुख्य आरक्षी और आरक्षी के 163 तथा महिला आरक्षी के 50 पदों सहित यातायात पुलिस और अभिसूचना इकाई के कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा बीडीएस और डॉग स्क्वायड की एक टीम, फायर यूनिट की पांच टीमें, जल पुलिस की पांच टीमें और एक फ्लड टीम, पीएसी की चार कंपनी और एक प्लाटून, टीयर गैस स्क्वायड की एक टीम तथा चार प्रिजन वैन भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। अधिकारियों ने सभी जवानों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला