उधार न चुकाने पर एक माह की कैद, 90 हजार रुपये का जुर्माना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। चैक बाउंस के एक मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट परमिन्दर कौर की अदालत ने आरोपी अंकित शर्मा को दोषी करार देते हुए एक माह के साधारण कारावास और 90 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने जुर्माना राशि में से 85 हजार रुपये बतौर प्रतिकर शिकायतकर्ता को देने और शेष 5 हजार रुपये राज्य कोष में जमा करने के निर्देश दिए हैं।
पुरुषोत्तम विहार कॉलोनी स्थित वैष्णवी अपार्टमेंट निवासी शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने बताया था कि जान-पहचान के चलते उन्होंने ज्वालापुर के मोहल्ला चाकलान निवासी अंकित शर्मा पुत्र जगमोहन शर्मा को समय-समय पर कुल 80 हजार रुपये नकद उधार दिए थे। उधारी चुकाने के लिए अंकित शर्मा ने अपने एक्सिस बैंक ज्वालापुर के खाते का 80 हजार रुपये का एक चैक मनोज कुमार को दिया था।
शिकायतकर्ता ने जब उक्त चैक को अपने एचडीएफसी बैंक खाते में लगाया तो चैक बाउंस हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी को लीगल नोटिस भेजा, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद आरोपी ने रकम वापस नहीं लौटाई। अंततः शिकायतकर्ता ने न्यायालय की शरण ली।
इस मामले में दोनों पक्षों की बहस सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने आरोपी को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत दोषी पाया और उसे एक माह की कैद और 90 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला