उत्तराखंड में आईआईएसईआर और आयुर्वेद संस्थान की स्थापना के प्रस्तावों पर केंद्र का सकारात्मक आश्वासन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) और अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) की स्थापना के साथ ही एक मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन प्रस्तावों पर केंद्र की ओर से मिले जवाब के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री ने अक्टूबर 2026 में राज्य में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना का अनुरोध किया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने अपने जवाब में कहा है कि भविष्य में केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के समय इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड में पहले से संचालित आईआईटी रुड़की, एनआईटी श्रीनगर, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय और आईआईएम काशीपुर का उल्लेख करते हुए इनके सुदृढ़ीकरण और विस्तार के प्रयासों की जानकारी भी दी।
इसी तरह मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 में ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने अपने जवाब में बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्यों से प्रस्ताव मांगे गए थे। उत्तराखंड का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है, जिस पर निर्धारित मानदंडों के अनुसार विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध भी किया था। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से प्रदेश में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय