प्रकाश पर्व शोभायात्रा को लेकर दून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-21 नवंबर को दोपहर एक बजे से शाम 7:30 बजे तक निकलेगी शोभायात्रा, सहारनपुर चौक से सुभाष रोड तक यातायात रहेगा प्रभावित
देहरादून, 20 नवंबर (हि.स.)। प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार 21 नवंबर को देहरादून में निकाली जाने वाली शोभायात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शोभायात्रा दोपहर एक बजे से शाम 7:30 बजे तक निकाली जाएगी। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा और जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से शुरू होकर सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर चलेगी और दाईं ओर से यातायात संचालित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात आंशिक रूप से डायवर्ट कर जीएमएस रोड से घंटाघर की ओर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक पहुंचने पर तहसील चौक से आने वाले यातायात को घंटाघर तथा लैंसडाउन चौक से आने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा।
बुद्धा चौक पहुंचने पर दून चौक से आने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर तथा क्रॉस रोड से बुद्धा चौक आने वाले यातायात को मनोज क्लिनिक से सीजेएम तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, शोभायात्रा के सुभाष रोड पहुंचने पर यातायात को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। सीएमआई और रेसकोर्स चौक से किसी भी वाहन को एमकेपी चौक की ओर नहीं भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल तिराहा, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक पर डायवर्जन एवं बैरियर व्यवस्था निर्धारित की है।
पुलिस ने आमजन से शोभायात्रा मार्ग का यथासंभव प्रयोग नहीं करने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित है। सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी है। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय