पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी: त्रिवेंद्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। योजनाओं का क्रियान्वयन केवल सरकारी आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंदों को उनका वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और पोषण अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने पात्र लाभार्थियों का पारदर्शी तरीके से चयन करने और योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर शीघ्र लाभ देने के निर्देश भी दिए।
कुंभ से पहले दुरुस्त हों सड़कें
कुंभ मेले की तैयारियों को देखते हुए सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर के अंत तक सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी के प्रयासों की सराहना
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में पिछले तीन माह से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इन प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में बेहतर परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति से सांसद को अवगत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का सभी संबंधित विभागों से शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। इसके लिए नियमित समीक्षा बैठकें कर योजनाओं की निगरानी की जा रही है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी केके पंत सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला