Live VNS

किसानों की दुर्घटना सहायता और छात्रवृत्ति राशि बढ़ी,मंडियों में बनेंगे हाईटेक शौचालय

किसानों की दुर्घटना सहायता और छात्रवृत्ति राशि बढ़ी,मंडियों में बनेंगे हाईटेक शौचालय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंडी परिषद की बैठक में लिए कई फैसले, एमएसपी के गेहूं-धान पर मंडी शुल्क घटेगा

- 20 दिसंबर को रुद्रपुर में किसान सम्मेलन, उत्कृष्ट किसानों को मिलेंगे 25 हजार रुपये तक के पुरस्कार

रुद्रपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर मिलने वाली सहायता राशि ढाई लाख से बढ़ाकर तीन लाख रुपये कर दी गई है। वहीं, कृषि विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले किसानों के बच्चों की छात्रवृत्ति तीन हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को रुद्रपुर में उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में ये निर्णय लिए।

आज बैठक में मंडी परिषद की योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए जोशी ने प्रदेश की सभी मंडी समितियों में आधुनिक हाईटेक शौचालय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी के नौगांव और मंगलौर में नई मंडियों का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही उनका शुभारंभ किया जाएगा।

कृषक दुर्घटना सहायता योजना के तहत दोनों हाथ या दोनों पैर अथवा एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग होने पर सहायता राशि एक लाख से बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये कर दी गई है। एक अंग से दिव्यांग होने पर अब 75 हजार रुपये मिलेंगे। अंगुलियों और अंगूठे की क्षति पर भी सहायता राशि बढ़ाई गई है। योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 35 किसानों को 36.50 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।

फसल क्षति सहायता योजना में दो हेक्टेयर तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 20 हजार के बजाय 25 हजार रुपये और इससे अधिक भूमि वाले किसानों को 24 हजार के बजाय 30 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। इस योजना में अब तक 98 किसानों को 16 लाख रुपये दिए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि किसानों के उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने के लिए 1,248 संपर्क मार्ग बनाए जा चुके हैं, जबकि 366 मार्ग निर्माणाधीन हैं। केंद्र सरकार की अपेक्षा के अनुरूप एमएसपी पर खरीदे जाने वाले गेहूं और धान पर मंडी शुल्क दो प्रतिशत से घटाकर 1.5 प्रतिशत करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में 20 दिसंबर को रुद्रपुर में किसान सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें प्रत्येक मंडी से सर्वाधिक मंडी आय प्राप्त करने वाले तीन किसानों को क्रमशः 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। सर्वाधिक मंडी शुल्क जमा करने वाले तीन व्यापारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…