Live VNS

गोपाष्टमी पर गोसेवा और पूजन की रही धूम, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। धर्मनगरी में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गायों का पूजन कर उन्हें तिलक लगाया और गुड़, हरा चारा तथा अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर गोसेवा की। विभिन्न गोशालाओं और मंदिरों में धार्मिक आयोजन किए गए। सुबह से ही गोपूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने का कार्य शुरू किया था। इसी कारण इस पर्व को गोमाता के प्रति सम्मान, सेवा और समर्पण के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। गोशालाओं में गोमाता का विशेष श्रृंगार कर आरती की गई। श्रद्धालुओं ने गायों की परिक्रमा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर गोसेवा, चारा वितरण और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गोमाता की सेवा और संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक एवं धार्मिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गोसेवा के लिए आगे आना चाहिए।

वहीं, बाबा बलराम दास हठयोगी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गोसेवा और गोसंरक्षण का संदेश देता है। गोपाष्टमी हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने और गोमाता के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा और संरक्षण के लिए समाज को सामूहिक प्रयास करने होंगे। गोशालाओं को मजबूत बनाने के साथ निराश्रित गोवंश की देखभाल भी प्राथमिकता होनी चाहिए।

संतों ने कहा कि सनातन संस्कृति में गोसेवा को विशेष महत्व दिया गया है। गोपाष्टमी जैसे पर्व नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और जीवों के प्रति करुणा का भाव सिखाते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गोमाता की पूजा-अर्चना कर गोवंश के संरक्षण का संकल्प लिया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोमाता में समस्त देवी-देवताओं का वास माना जाता है। गोपाष्टमी का पर्व लोगों को गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का संदेश देता है। संतों और धर्माचार्यों ने भी गोसेवा को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए लोगों से गोवंश की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।गोपाष्टमी के अवसर पर गोशालाओं में दिनभर धार्मिक गतिविधियां होती रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…