हर की पौड़ी पर 'कर्मों का फल' की शूटिंग, अनूप जलोटा बोले जैसा कर्म वैसा फल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। भजन सम्राट और पद्मश्री से सम्मानित गायक अनूप जलोटा ने हरिद्वार की पवित्र हर की पौड़ी पर आगामी शो 'कर्मों का फल' की शूटिंग की। दिनेश असोपा द्वारा निर्मित यह शो भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के लिए बनाया जा रहा है। शो का उद्देश्य ऐसी प्रेरणादायक कहानियां सामने लाना है, जो जीवन के शाश्वत सत्य जैसा कर्म, वैसा फल को उजागर करती हैं।
शो की भावना पर अनूप जलोटा ने कहा, कर्म हर व्यक्ति के जीवन में अहम भूमिका निभाते हैं। हम जो भी करते हैं, उसका परिणाम हमें किसी न किसी रूप में जरूर मिलता है। इन कहानियों से दर्शक अच्छे कर्मों का महत्व समझ सकेंगे और दैनिक जीवन के लिए सीख ले सकेंगे। मुझे खुशी है कि मैं ऐसे कार्यक्रम से जुड़ा हूं, जो समाज को सार्थक संदेश दे रहा है।
'कर्मों का फल' की केंद्रीय विषयवस्तु यही है कि व्यक्ति के कर्म और उसके फैसले ही उसके जीवन की दिशा तय करते हैं। अलग-अलग कहानियों के माध्यम से इस विचार को रोचक और सहज अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि वे अपने कर्मों पर विचार कर सकें।
निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती ने बताया, 'कर्मों का फल' की हर कहानी में एक संदेश है। हम रोचक परिस्थितियों और किरदारों के जरिए दिखाना चाहते हैं कि इंसान को अपने हर कर्म का परिणाम भुगतना पड़ता है। हमारा प्रयास मनोरंजक कहानियों के जरिए जीवन की महत्वपूर्ण सीख देना है।
जयदेव चक्रवर्ती टेलीविजन के कई धारावाहिकों और फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। वह हर एपिसोड को मनोरंजन के साथ सार्थक संदेश देने वाला बनाना चाहते हैं।
निर्माता दिनेश असोपा ने कहा, भक्तिद्वार ओटीटी के माध्यम से हम भजन, भक्ति कार्यक्रम, धार्मिक और ऐतिहासिक कहानियों के साथ सार्थक मनोरंजन देना चाहते हैं। 'कर्मों का फल' इसी सोच का अहम हिस्सा है।
इस शो की टीम में निर्माता दिनेश असोपा, निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती, क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और लेखक गोपाल वर्मा शामिल हैं। हर की पौड़ी जैसे पवित्र स्थल पर शूटिंग ने प्रोजेक्ट को विशेष माहौल दिया है। निर्माताओं को उम्मीद है कि इसकी सहज और जीवन से जुड़ी कहानियां हर उम्र के दर्शकों से जुड़ेंगी। शो का मूल संदेश है कर्म करना जरूरी है, क्योंकि हर कर्म का अपना फल होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला