श्री हंस जयंती पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 4000 से अधिक लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार,24 नवंबर(हि. स.)। भोले जी एवं माता श्री मंगला जी के सानिध्य में योगीराज श्री हंस जी महाराज की पावन जयंती पर वैरागी कैंप कनखल में विशाल जनकल्याण समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। हंस ज्योति-ए यूनिट आफ हंस कल्चरल सेंटर द्वारा आयोजित समारोह में तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें 4000 से भी अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर मुफ्त दवाइयां प्राप्त कीं।
भोले महाराज और माता मंगला के प्रवचन सुनने तथा हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या का आनंद लेने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह नजर आया। संस्था के मीडिया प्रभारी बी.के. त्यागी ने बताया कि इस मौके पर 4 दिन तक निःशुल्क विशाल भंडारा लगाया गया, जिसमें कई हजार श्रद्धालुओं और साधु-संतों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
संस्था के कुशल और अनुभवी डॉक्टरों की देखरेख में लगे निशुल्क चिकित्सा शिविर में ऐलोपैथी से 3411 तथा होम्योपैथी से 604 यानी कुल 4015 लोगों ने निःशुल्क परामर्श और दवाइयां लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर के संचालन में डॉ. आदित्य सिंह, डॉ. नेहा शर्मा, सिस्टर सोनिया, प्रेमलता सूठा, हंसिका, ब्रदर मनीष, राजीव दास, विकास तथा मधुर आदि का योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला