संत रविदास जयंती पर हरिद्वार में समरसता संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के हरिद्वार पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और महापौर किरण जैसल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान उत्साह और श्रद्धा के साथ सामाजिक समरसता का संकल्प दोहराया गया।
स्वागत कार्यक्रम में संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और भेदभाव रहित समाज के निर्माण का आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं ने समानता, भाईचारे, आपसी सम्मान और मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि संत रविदास महाराज की वाणी और उनके आदर्श समाज को समानता, सद्भाव और समरसता का मार्ग दिखाते हैं। उनकी शिक्षाएं केवल आध्यात्मिक प्रेरणा नहीं, बल्कि बेहतर सामाजिक व्यवस्था का आधार भी हैं। सभी को उनके विचारों को जीवन में अपनाकर आपसी प्रेम, सम्मान और एकता को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने और राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने का काम करती हैं। समरसता संकल्प यात्रा संत रविदास के विचारों को देशभर में पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुमियाल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जीएमवीएन निदेशक सुशील त्यागी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, महापौर किरण जैसल सहित पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के स्वागत के माध्यम से संत रविदास के समानता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला