मुख्य सचिव ने हिमालयन भोजनालय का किया शुभारंभ, महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
उत्तरकाशी, 20 नवंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में रीप परियोजना के अंतर्गत स्थापित ‘हिमालयन भोजनालय’ का शुभारंभ किया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण बैरियर के समीप स्थापित इस भोजनालय का संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके व्यवसाय और आमदनी के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन नगुण बैरियर के पास रुकते हैं, जिससे भोजनालय में यात्रियों का आवागमन बना रहता है। रीप परियोजना के सहयोग और बैंक ऋण की सुविधा मिलने से वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य अवसरों पर भी भोजन के ऑर्डर मिल रहे हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय ने बताया कि प्रदेशभर में इस प्रकार की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इन केंद्रों को एकरूप पहचान देने के उद्देश्य से ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल