तिलवाड़ा से रवाना हुए साइकिलिस्ट, 658 किमी की रेस में देश-विदेश के प्रतिभागी शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पांचवें अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 के अगले चरण का मंगलवार को रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा से शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सुबह जीएमवीएन तिलवाड़ा से साइकिलिस्टों को फ्लैग ऑफ कर टिहरी जिले की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में इस तरह के साहसिक खेल आयोजन प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन स्थलों और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक परिवेश माउंटेन साइकिलिंग जैसे खेलों के लिए अनुकूल हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को मजबूत करते हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित सफर की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां भी प्रोत्साहित होती हैं।
प्रतियोगिता के पांचवें संस्करण में देश-विदेश के साइकिलिस्ट 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय कर रहे हैं। रेस के विभिन्न पड़ाव उत्तराखंड के पर्वतीय मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। इससे प्रतिभागियों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, भौगोलिक विविधता और दुर्गम पहाड़ी रास्तों का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है।
आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन और माउंटेन साइकिलिंग के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रचारित करना है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, तहसीलदार जगदीश नेगी, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निदेशक वीएन सिंह, संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक और प्रसन्ना राउत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय