Live VNS

सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने वाला गिरफ्तार, 2.29 लाख रुपये बरामद

सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने वाला गिरफ्तार, 2.29 लाख रुपये बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हल्द्वानी, 26 नवंबर (हि.स.)। हल्द्वानी में घर से सोने के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब पांच तोले के सोने के दो कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति मजदूरी करने के बहाने उनके घर आया था। इस दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद (33), निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने गुरुवार 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित के कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के दो कड़े, जिनका वजन करीब पांच तोले बताया गया है, और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…