उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आईएएस-आईपीएस सहित 34 अधिकारियों के तबादले

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) राज्य सिविल सेवा (पीसीएस), सचिवालय सेवा सहित कुल 34 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। पुलिस महकमे में कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को बदला गया है, जबकि शासन स्तर पर विभिन्न विभागों के सचिवों और अपर सचिवों के कार्यभार में बदलाव किया गया है। सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
इसी क्रम में आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। प्रमुख सचिव लालरिन लियना फैनई को आबकारी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग का कार्यभार बदल दिया गया है, जबकि उनके अन्य दायित्व यथावत रहेंगे।
डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग का सचिव और बृजेश कुमार संत को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। डॉ. आर. राजेश कुमार को औद्योगिक विकास (खनन) विभाग का सचिव तथा महानिदेशक खनन की जिम्मेदारी दी गई है। युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा बनाया गया है।
विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा के खेल एवं युवा कल्याण संबंधी कार्यभार में बदलाव किया गया है। रंजना राजगुरु को नियोजन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
रीना जोशी को श्रम विभाग का अपर सचिव, विनीत कुमार को जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का अपर सचिव तथा जलागम का अपर निदेशक/परियोजना निदेशक बनाया गया है। मनुज गोयल को वित्त विभाग और मेहरबान सिंह बिष्ट को गृह विभाग का अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
अभिनव शाह को पर्यटन विभाग का अपर सचिव तथा पर्यटन विकास परिषद का अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। पीसीएस अधिकारी बीएस चलाल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी दी गई है। इलागिरी को नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और महिमा रॉकली को वन विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की अनुपालन आख्या संबंधित शासन अनुभाग को उपलब्ध करानी होगी।
आईपीएस अधिकारियों की तैनाती में नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनके स्थान पर अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। ऊधमसिंह नगर में मणिकांत मिश्रा को एसएसपी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अजय गणपति कुंभारे को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है।
टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को द्वितीय आईआरबी का सेनानायक बनाया गया है। उनके स्थान पर सरिता डोबाल टिहरी की नई एसएसपी होंगी। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है। उनकी जगह देवेन्द्र पींचा पौड़ी के नए एसएसपी बनाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर देहरादून अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है, जबकि अमित श्रीवास्तव-द्वितीय को चमोली का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। चमोली के पुलिस अधीक्षक को यातायात निदेशालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पंकज भट्ट को प्रथम आईआरबी बैलपड़ाव का सेनानायक बनाया गया है। द्वितीय आईआरबी की सेनानायक विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय और बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा को भी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस तथा जगदीश चन्द्र को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर नियुक्त किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय