Live VNS

नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में इगास पर बनाए स्वांले-पकौड़े

नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में इगास पर बनाए स्वांले-पकौड़े

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई टिहरी, 20 नवंबर (हि.स.)। नव युवक अभिनय श्री रामकृष्ण लीला समिति और नगर पालिका टिहरी की ओर से बौराड़ी स्टेडियम में इगास पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति और विभिन्न स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने सामूहिक रूप से दाल के पकौड़े और स्वालें बनाकर अतिथियों सहित प्रतिभागियों को प्रसाद स्वरूप भेंट किए। वहीं देर शाम को भैलो खेलने का कार्यक्रम भी रखा गया है।

शुक्रवार को बौराड़ी स्टेडियम में हवन-यज्ञ के साथ इगास पर्व का शुभारंभ किया गया। समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, सचिव अमित पंत ने बताया कि इगास लोकपर्व को समिति प्रत्येक वर्ष मनाती है। बताया कि स्थानीय महिलाओं ने करीब 10 किलो दाल के पकौड़े और स्वालें बनाए। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि माधो सिंह भंडारी की विजय के उपलक्ष्य में इगास का पर्व पहाड़ों में मनाया जाता है। समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कराए गए। इस मौके पर डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, मनोज शाह, गब्बर रावत, दिनेश पेटवाल, आशा रावत, महावीर उनियाल, लक्ष्मी रावत आदि मौजूद थे।

इधर, नगर पालिका की ओर से भव्य इगास पर्व कार्यक्रम आयोजित किया गया। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगितात्मक रंगोली बनाई। वहीं स्टेडियम में दीपमाला, भैलो का आयोजन देर शाम को कराया जाएगा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों भी इस दौरान कराए जाएंगे। कहा कि नई टिहरी में सांस्कृतिक शून्यता को खत्म करने का पालिका लगातार प्रयास कर रही है। इसी माह के अंत में त्रिवेणी कौथिग का आयोजन इसी कड़ी का हिस्सा है। इस मौके पर सभासद मानवेंद्र रावत, डॉ. प्रीति पोखरियाल, विनीत उनियाल आदि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…