Live VNS

कक्षा नौ से ही विद्यार्थियों को मिलेगा उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण

कक्षा नौ से ही विद्यार्थियों को मिलेगा उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। स्कूली शिक्षा को रोजगारपरक बनाने और विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने की दिशा में भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। बोर्ड ने लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल (एलएससी), फूड इंडस्ट्री कैपेसिटी एंड स्किल इनिशिएटिव (एफआईसीएसआई) तथा रबर, केमिकल एंड पॉलीमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (आरसीपीएसडीसी) के साथ समझौता-ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। इस दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव भी मौजूद रहे।

पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च सेंटर में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप कक्षा नौ से ही विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा और उद्योगों से मान्यता प्राप्त कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। तीनों परिषदों के सहयोग से लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण तथा रबर, केमिकल और पॉलीमर क्षेत्र से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

एक साल में 25 विद्यालयों में बनेंगी इंटीग्रेटेड लैब

कार्यक्रम में लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल के सीईओ रविकांत यामर्थी ने बताया कि एलएससी अगले एक वर्ष में भारतीय शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत उत्तर भारत के लगभग 25 विद्यालयों में इंटीग्रेटेड लैब स्थापित करेगी। इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एमओयू के दौरान स्वामी रामदेव ने कौशल विकास के विभिन्न आयामों पर विचार साझा करते हुए स्कूली शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन डॉ. एनपी सिंह ने किया। बोर्ड की ओर से वोकेशनल एवं स्किल डेवलपमेंट प्रमुख तथा वरिष्ठ शोधकर्ता डॉ. निधि गुसाईं भी मौजूद रहीं। तीनों स्किल काउंसिलों के महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल की ओर से वेयरहाउस एसोसिएट, लैंड ट्रांसपोर्टेशन एसोसिएट, सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव और ई-कॉमर्स डिलीवरी एसोसिएट जैसे पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। परिषद के अनुसार, वर्ष 2030 तक इस क्षेत्र में लगभग 47 लाख अतिरिक्त कर्मियों की आवश्यकता होगी। इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को गोदाम प्रबंधन, परिवहन, सप्लाई चेन और डिलीवरी सेवाओं का प्रशिक्षण मिलेगा।

फूड इंडस्ट्री कैपेसिटी एंड स्किल इनिशिएटिव (एफआईसीएसआई) की ओर से महाप्रबंधक (संचालन) संतोष पुनिया उपस्थित रहीं। इस क्षेत्र में बेकिंग, फल एवं सब्जी प्रसंस्करण, अचार एवं परिरक्षण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इससे विद्यार्थियों को खाद्य उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया और गुणवत्ता प्रबंधन की जानकारी मिलने के साथ स्वरोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे।

वहीं, रबर, केमिकल एंड पॉलीमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल की ओर से अध्यक्ष अर्जन धवन और सीओओ सेवानिवृत्त मेजर जनरल अतुल पन्नू सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस परिषद के अंतर्गत प्लास्टिक वेस्ट सेग्रीगेटर, प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग एवं प्रोसेसिंग असिस्टेंट ऑपरेटर और लैब केमिस्ट (रबर) जैसे पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपशिष्ट पृथक्करण, पुनर्चक्रण और औद्योगिक प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण मिलेगा।

प्रशिक्षण के बाद होगा मूल्यांकन, मिलेंगे प्रमाणपत्र

तीनों परिषदों के सहयोग से संचालित पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से प्रयोगशाला आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों का तृतीय पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा। सफल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें रोजगार, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा और उद्यमिता के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

इस पहल के जरिए स्कूली स्तर पर ही विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ उद्योगों की कार्यप्रणाली और रोजगार से जुड़े कौशल सिखाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…